पुराने एवं कंडम वाहनों को तीन दिनों में हटाने, पुलिस चौकी संचालित करने व बेरीयर लगाने के दिए निर्देश
शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को छतरपुर विधायक ललिता यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया के साथ ट्रांसपोर्ट नगर का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान पुराने एवं कंडम स्थिति में खड़ी गाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए। और अधिकारियों से कहा कि तीन दिनों के भीतर क्षेत्र को पूर्ण रूप से खाली कराया जाए, ताकि सड़क मार्गों पर आवागमन में बाधा न उत्पन्न हो और क्षेत्र स्वच्छ व व्यवस्थित बने।
उन्होंने पुलिस चौकी को सक्रिय करने और प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा के दृष्टिगत बेरीयर लगाए जाने के भी निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांसपोर्ट नगर में नियमित रूप से सफाई, नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यहाँ कार्यरत व्यापारी और वाहन चालक सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में कार्य कर सकें।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक एवं नगरपालिका अध्यक्ष के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर विधायक यादव ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अखिल राठौर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी माधुरी शर्मा, तहसीलदार पीयूष दीक्षित, स्वच्छता निरीक्षक संजेश नायक, उपयंत्री नीतेश चौरसिया, इंजीनियर मोहम्मद आमिर, महेन्द्र पटेल सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, जनप्रतिनिधियों में सुरेंद्र चौरसिया, पार्षद रामदयाल यादव, धीरज गुप्ता तथा वार्डवासी सहित व्यापारी मौजूद रहे।










