मुख्यालय में प्रशिक्षणशाला में एडिशनल एसपी, पुलिस अधिकारी एवं “सशक्त नारी” सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम
महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में पुलिस अधीक्षक छतरपुर अगम जैन द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं महिलाओं को कानूनी प्रावधानों तथा अधिकारों से अवगत कराने हेतु क्षेत्र की महिलाओं से समन्वय स्थापित कर “सशक्त नारी” अभियान का प्रारंभ किया गया है।
इस अभियान के तहत महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया जा रहा है।
सभी थाना क्षेत्र अंतर्गत सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान हेतु व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से महिलाएँ सीधे पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।
इसी क्रम में छतरपुर पुलिस मुख्यालय में प्रशिक्षण शाला में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, थाना प्रभारी महिला थाना निरीक्षक प्रतिभा श्रीवास्तव, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक नेहा सिंह गुर्जर, शिकायत शाखा प्रभारी उप निरीक्षक अंजना त्रिवेदी सहित क्षेत्र की आशाकर्ती एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ती तथा नगर रक्षा समिति की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई तथा समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।










