Home डेली न्यूज़ मध्यप्रदेश सरकार के एक और मंत्री के OSD पर गिरी गाज, परिवहन...

मध्यप्रदेश सरकार के एक और मंत्री के OSD पर गिरी गाज, परिवहन ओर शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बंगले में आने पर लगाई रोक

24
0


———————— मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने पूर्व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) वीरेंद्र तिवारी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके मंत्री बंगले पर आने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इस कार्रवाई के बाद से तिवारी दीपावली के बाद से ही मंत्री आवास नहीं जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वीरेंद्र तिवारी द्वारा मंत्री के नाम पर अनधिकृत लेन-देन किए जाने का खुलासा होने के बाद मंत्री ने यह कड़ा निर्णय लिया है। इसके साथ ही तिवारी के खिलाफ तीन पत्नियां होने की गंभीर शिकायत भी मंत्री तक पहुंची थी। मोहन यादव सरकार में उदय प्रताप सिंह ऐसे दूसरे मंत्री हैं, जिनके OSD पर गंभीर आरोपों के चलते गाज गिरी है। ************************************************************************************

दैनिक वेतनभोगी से CMO और फिर मंत्री के OSD बने थे वीरेंद्र तिवारी; तीन पत्नियों की शिकायत भी पहुंची
मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) रहे वीरेंद्र तिवारी वर्ष 2008 तक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे, जिसके बाद वे नियमित हुए। 15 मार्च 2024 को राज्य औद्योगिक विकास बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर अनुभाग अधिकारी का पदभार संभालने के साथ ही उन्हें मंत्री उदय प्रताप सिंह के स्टाफ में OSD अटैच किया गया था। करीब दो महीने पहले पदोन्नति के बाद उनकी सेवाएं मूल विभाग में वापस लौटा दी गई थीं, लेकिन इसके बावजूद वे मंत्री के कामकाज से जुड़े हुए थे।
———–चर्चा है कि हाल ही में खुद को वीरेंद्र तिवारी की पत्नी बताने वाली एक महिला ने भोपाल स्थित मंत्री के शासकीय आवास पहुंचकर अपनी पीड़ा सुनाई थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसके अलावा तिवारी के दो अन्य महिलाओं (एक भोपाल और दूसरी ग्वालियर निवासी) से भी संबंध हैं और उनसे बच्चे भी हैं। महिला ने तिवारी पर रसूख का इस्तेमाल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था, जिसकी मंत्री ने व्यक्तिगत स्तर पर तस्दीक भी कराई थी। फिलहाल तिवारी का मोबाइल बंद आ रहा है और स्टाफ द्वारा उनके अवकाश पर होने की बात कही जा रही है।
मोहन सरकार में मंत्रियों के स्टाफ पर पहले भी गिर चुकी है गाज; डिप्टी सीएम और कृषि मंत्री के OSD भी हट चुके हैं
इससे पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के OSD और आबकारी अधिकारी दीपम रायचुरा को भी पद से हटाया जा चुका है। वर्ष 2024-25 में भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र की दो शराब दुकानों के ठेके को लेकर एक करोड़ रुपए के लेन-देन के आरोपों में उनकी भूमिका सामने आने के बाद उन्हें हटाकर विभागीय जांच शुरू की गई थी। इसी तरह, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के OSD अशोक कुमार बाथम, निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया का तबादले के एवज में पैसे के लेन-देन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने तत्काल प्रभाव से तीनों कर्मचारियों को हटाकर निलंबित कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here