छतरपुर। नौगांव रोड स्थित क्रिश्चियन इंग्लिश कॉलेज में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नर्सरी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। छात्राओं ने अपने हाथ से राखी तैयार कर स्वदेशी को प्रोत्साहन दिया। इस संदेश के साथ छात्राओं ने अपने हाथ से बनाई गई राखी को स्कूल के छात्रों को बांधीं। छात्रों ने भी अपने हाथ से तैयार किए भाई-बहन के संदेश के प्यारे से कार्ड छात्राओं को प्रदान किए।
कॉलेज की मैनेजर अर्पणा मैसी और प्रिसिंपल संजय किचनार ने बच्चों को रचनात्मक कलाकृति के लिए कार्ड मेकिंग और राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन करवाया। इस अवसर पर कॉलेज की मैनेजर और प्रिसिंपल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व की ढेर सारी शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्र-छात्राओं को भाई-बहन के अटूट प्रेम और पवित्र बंधन और रक्षा बंधन के महत्व को बताया। कॉलेज की मैनेजर और प्रिसिंपल ने सभी बच्चों को आर्शीवाद देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।










