छतरपुर। छतरपुर में बड़ी छापामार कार्रवाई जबलपुर के केंद्रीय जीएसटी आयुक्त लोकेश कुमार लिल्हारे के निर्देश पर की गई। एंटी इवेजन सेल की टीम ने बीती रात नौगांव थाना क्षेत्र में तीन व्यापारिक फर्मों के परिसर में छापा मारा।
अभी तक की जांच में तीन फर्मों- अनूप ट्रेडर्स (मालिक अनूप तिवारी), ओम ट्रेडर्स (मालिक रजनी तिवारी) और यश ट्रेडर्स (मालिक उत्कर्ष तिवारी) ने बिना किसी वास्तविक व्यापार के जीएसटी का फर्जी क्रेडिट लेने की बात सामने आ रही है और जांच में सामने यह भी आया कि इनमें से दो फर्म – ओम ट्रेडर्स और यश ट्रेडर्स सिर्फ कागजों में थीं और वास्तव में कोई काम नहीं कर रही थीं। केवल अनूप ट्रेडर्स ही चल रही थी।
जानकारी अनुसार ओझा बाबा मंदिर के पास स्थित व्यापारिक परिसर में टीम ने देर रात तक जांच की है। इन फर्मों ने मिलकर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा का फर्जी टैक्स क्रेडिट लिया। इस पूरे घोटाले का मुख्य आरोपी दिल्ली का रहने वाला अरविंद कुमार बताया जा रहा है। विभाग की टीम ने देर रात तक जांच की और अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घोटाले में और कौन-कौन शामिल है।










