छतरपुर। सुमति अकेडमी विद्यालय में पं. जवाहर लाल नेहरु जी का जन्म दिवस बाल दिवस के रुप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य महोदय द्वारा पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। कार्यक्रम में बच्चों एवं शिक्षकों के द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चें रंग-बिरंगी पोशाक पहन कर उपस्थित हुए। कार्यक्रम में सर्वप्रथम शिक्षकों द्वारा सभी बच्चों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बाल दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों ने नृत्य, नाटक, गेम्स एवं भाषण इत्यादि प्रस्तुत किए जिसका सभी बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर उनके मनोरंजन के लिए इनडोर और आउटडोर गेम्स का आयोजन विशेष रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बिना आग का उपयोग किए स्वास्थ्यवर्धक एवं स्वादिष्ट व्यंजन जैसे – सँडविच, फ्रूट चाट, स्प्राउट सलाद, बिना गैस की मिठाइयाँ आदि तैयार किए। बच्चों ने अपने व्यंजनों को आकर्षक तरीके से सजाकर प्रस्तुत किया, जिससे उनकी प्रस्तुतीकरण कला और टीमवर्क का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। बाल दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षकों ने बहुत सुंदर प्रस्तुतियां दी और बच्चों को जीवन में प्रगति करने के लिए सदैव सत्य की राह पर चलने का मूल मंत्र दिया। विद्यालय के प्राचार्य ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाओं सहित निरंतर आगे बढ़ने और पढ़ने की सलाह दी। विद्यालय के चेयरमैन श्री सोमिल अग्रवाल डायरेक्टर श्रीमति भावना अग्रवाल एवं प्राचार्य श्री सुनील कुमार मिश्रा सहित समस्त शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस शुभकामनाएं दी। विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के प्रयासों की सराहना की गई और इस प्रकार की गतिविधियों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया गया।










