Home छतरपुर
54
0

देवोत्थानी एकादशी एवं मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर शासकीय कन्या अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छतरपुर में महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के मार्गदर्शन में एक अतिमहत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया जिसमें देश के प्रसिद्ध न्यूरो चिकित्सक और हमारे शहर के यशस्वी पुत्र डा यशपाल सिंह बुंदेला मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे, कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता एवं चिकित्सक के तौर पर सुप्रसिद्ध महिला रोग विशेषज्ञ डा श्रीमति आराधना सिंह बुंदेला विशेष तौर पर उपस्थित रहीं , डा आराधना सिंह ने एक अच्छी प्रस्तुति के माध्यम से महाविद्यालय की छात्राओं में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सीख दी। ” स्वस्थ नारी सशक्त नारी” विषय पर केंद्रित व्याख्यान में डॉ बुंदेला ने महिला स्वास्थ्य, खान-पान, आचार विचार, साफ सफाई, माहवारी की समस्याएं ,एवं और अपने शरीर में पनपने वाले रोगों की प्रारंभिक तौर पर पहचान कर सही समय पर सही चिकित्सक से सलाह लेने एवं उचित इलाज कराने पर जोर दिया तभी वे भविष्य में एक सशक्त नारी के तौर पर अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकती हैं। पी सी ओ डी , सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर , बच्चेदानी के कैंसर की रोकथाम एवं बचाव के उपाय भी बताए ।सर्वाइकल कैंसर के टीके के बारे में बालिकाओं को जागरूक किया जिससे इस गंभीर बीमारी की रोकथाम हो सके । कार्यक्रम को प्रारंभ में संबोधित करते हुए डा यशपाल सिंह बुंदेला ने इस तरह के कार्यक्रम को बार बार आयोजित करने पर बल दिया क्योंकि हमारे समाज में आज भी महिलाएं अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं रहती हैं जिसका खामियाजा उन्हें भविष्य में भुगतना पड़ता है।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष कमलकांत असाटी ने डा यशपाल सिंह और श्रीमती आराधना सिंह का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में आप दोनों का सहयोग महाविद्यालय को मिलता रहेगा। समिति के सक्रिय सदस्य के तौर पर विकास चतुर्वेदी जी ने डा आराधना सिंह को बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी बताया और कहा कि वे केवल एक अच्छी चिकित्सक ही नहीं हैं बल्कि एक संवेदनशील महिला के साथ साथ एक अच्छी कवियत्री भी हैं,उनका एक कविता संग्रह ” गुजरता वक्त,ठहरते पल” भी प्रकाशित हो चुका है ,दूसरा संग्रह प्रकाशित होने वाला है, इस कविता संग्रह की प्रति भी उन्होंने महाविद्यालय को भेंट की। इस अवसर पर शहर में शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहीं श्रीमति वर्षा चतुर्वेदी विशेष तौर पर उपस्थित थीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य एच डी अहिरवार, डा पी के दीक्षित, डा शशिकांत अवस्थी एवं डा ब्रजेश प्रजापति के साथ साथ जनभागीदारी समिति के प्रमुख सदस्य विकी सिंह तोमर, महेंद्र प्रजापति भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार द्वारा इस अवसर पर डा यशपाल सिंह बुंदेला और श्रीमती आराधना सिंह बुंदेला को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रायें उपस्थित रहीं और उन्होंने अपनी निजी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर संतोष पूर्ण समाधान प्राप्त किया।बच्चियों ने इस कार्यक्रम को बहुत सराहा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here