छतरपुर पुलिस द्वारा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित — विवादों से बचाव, अपराधों से दूरी हेतु की गयी अपील
छतरपुर। जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पुलिस अधिकारियों द्वारा निरंतर जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर जनचौपाल के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया गया।
पुलिस द्वारा भूमि विवाद, पारिवारिक तनाव, सामाजिक कारणों एवं पुरानी रंजिशों में पूर्व से घिरे दोनों पक्षों को आमने-सामने बुलाकर वार्ता की गई। सभी को भविष्य में विवादों से दूर रहने की समझाइश दी गई एवं शांति बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया। युवाओं, किशोरों एवं उनके अभिभावकों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
जनमानस से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। विशेष रूप से अवैध हथियारों की मौजूदगी अथवा उनके सोशल मीडिया पर प्रदर्शन की सूचना साझा करें — सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर — 7049101021 साझा किया गया।
इसके अतिरिक्त, रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत शहरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाजारों, प्रमुख मंदिरों, बस स्टैंड एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। रात्रिकालीन समय में भी पैदल गश्त एवं मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से पुलिस द्वारा शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।











