लर्निंग सेंटर में 23 अतिरिक्त कंप्यूटर सिस्टम एवं 20 अतिरिक्त कुर्सी टेबल करवाई गई व्यवस्था
छतरपुर। अगम जैन द्वारा आज पुलिस लाइन परिसर में संचालित ‘दिशा लर्निंग सेंटर’ का निरीक्षण किया गया। यह लर्निंग सेंटर विशेष रूप से पुलिस परिवार के बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु स्थापित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थिति पंजी, पाठ्यपुस्तकों, कंप्यूटर सिस्टम, पेयजल व्यवस्था, वातानुकूलन, सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का अवलोकन किया गया। लर्निंग सेंटर में अध्ययन हेतु अतिरिक्त 23 कंप्यूटर सिस्टम तथा बैठने के लिए अतिरिक्त 20 टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में 37 कंप्यूटर सिस्टम संचालित हैं।
निरीक्षण उपरांत दिशा लर्निंग सेंटर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से उनके पाठ्यक्रम, अध्ययन विधियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता ने भी विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्हें पढ़ाई के प्रभावी तरीके और परीक्षा में सफलता के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रेरित किया तथा आवश्यकता संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, सूबेदार प्रभा सिलावट सहित संबंधित अधिकारी एवं अध्यनरत छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।










