हाट में देशी उत्पाद एवं स्व सहायता समूहों द्वारा बनाई गई सामग्री के लगाए गए स्टॉल…
छतरपुर: मध्यप्रदेश का छतरपुर जिला आकांक्षी जिलों में से एक है। जहां शनिवार को जिला पंचायत के सामने मेला ग्राउंड में नीति आयोग अंतर्गत लगाए गए आकांक्षा हाट का शुभारंभ छतरपुर विधायक ललिता यादव द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, डीपीएम एनआरएलएम श्याम गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा हाट का भ्रमण किया गया और स्व सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल पर सामग्री क्रय की गई। साथ ही उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों की सराहना भी की गई।
बता दें कि वोकल फॉर लोकल की संकल्पना अनुसार स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आकांक्षा हाट का आयोजन किया जा रहा है। हाट का आयोजन आगामी 08 अगस्त 2025 तक किया जाएगा। हाट में आजीविका मिशन की महिला स्व सहायता समूहों, किसान संगठनों एवं उत्पादक समूहों के देशी उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध है।










