शोभायात्रा के साथ नव दिवसीय महाकुंभ का भव्य शुभारंभ
मोटे के महावीर मंदिर प्रांगण से शुरू होगी शोभायात्रा
छतरपुर। भारत के एकमात्र आजानभुज सरकार के मंदिर जानराय टौरिया में 51 फुट की विशाल महाबली हनुमान जी की अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित की गई है। इस प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आज से शुरू हो रहा है। 9 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से होगी। आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण नवदिवसीय कार्यक्रम के लिए पूरे क्षेत्र में उत्सव का वातावरण है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस पावन आयोजन का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हैं।
सिद्ध स्थल जानराय टौरिया के मीडिया प्रभारी लोकेश चौरसिया ने बताया कि शहर के मोटे के महावीर मंदिर प्रांगण से विशाल शोभायात्रा सुबह 11 बजे आयोजन स्थल के लिए रवाना होगी। भगवान की सजीव झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड-बाजों की मधुर धुनों और सजे-धजे घोड़े-बग्गियों के साथ साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति इस यात्रा को दिव्यता प्रदान करेगी। शोभायात्रा में शामिल संत-महात्मा भक्तों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगे और धर्म, सेवा व सदाचार का संदेश प्रसारित करेंगे। शोभायात्रा छत्रसाल चौक से महल के पास चौपाटी से जल भरकर मुख्य मार्ग से होती हुई आयोजन स्थल जानराय टोरिया पहुंचेगी। इस महाकुंभ का आयोजन श्री राम जन्मभूमि का मुकदमा लडऩे वाले 102 वर्षीय पूज्य संत राजा रामाचार्य महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा जिनकी उपस्थिति इस आयोजन को और भी पावन एवं विशेष बना रही है। उन्होंने श्रृंगारी महाराज के कार्यों की सराहना की। जानराय टौरिया के महंत भगवान दास श्रृंगारी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह महाकुंभ न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता को भी सुदृढ़ करता है। नवदिवसीय इस महाकुंभ में दूर-दूर से श्रद्धालु आकर भक्ति और साधना में लीन होकर धर्ममय वातावरण का अनुभव करेंगे। यह आयोजन निश्चित ही क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा और जनमानस को धर्म के मार्ग पर प्रेरित करेगा।











