छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक अनोखी परंपरा सामने आई है. यहां सावन के महीने में सावनी का शगुन लेकर लड़की के ससुराल वाले उसके मायके जाते हैं. यह खास परंपरा सदियों से निभाई जा रही है. इस परंपरा के तहत लड़की के ससुराल वाले उनके माता-पिता और भाई-बहन के लिए उपहार भेजते हैं. इस उपहार में सोने,चांदी के आभूषण, कपड़े और राखी सहित विभिन्न प्रकार की चीजें होती हैं.
लड़की के घर भेजी जाती है सावनी
सावन का महीना शुरू होते ही शहर और ग्रामीण इलाकों के बाजारों में एक खास तरह की हलचल दिखाई देने लगती है. बाजारों में सावनी खरीदने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ जाती है. इसी के साथ रक्षाबंधन की धूम भी शुरू हो जाती है. ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह पर चौपाल सजने लगती है. लड़के वाले सावनी खरीद कर लड़की पक्ष के यहां निकल जाते हैं.










