बागेश्वर धाम से लौटते समय दौरिया गांव के पास फोरलेन पर हुआ दर्दनाक हादसा
नौगांव। बुधवार की सुबह फोरलेन स्थित दौरिया गांव के पास उस समय दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर फोरलेन से करीब 25 फीट नीचे खेतों में जा पलटी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोगों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार दतिया निवासी रामगोपाल शर्मा 52 वर्ष और नवनीत शर्मा 30 वर्ष कार पर सवार होकर दतिया से बागेश्वर धाम दर्शन करने गए हुए थे दर्शन के बाद अपने घर दतिया लौट रहे थे। इसी दौरान दौरिया गांव के पास कार चालक को नींद की झपकी आ गई। जिस कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई और खेत में जा गिरी।
इस हादसे में रामगोपाल शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। तो वहीं नवनीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नवनीत की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ।










