Home छतरपुर प्रत्येक वंचित हितग्राही को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ: विधायक प्रहलाद लोधी

प्रत्येक वंचित हितग्राही को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ: विधायक प्रहलाद लोधी

78
0

  • आदिवासी गांव कल्दा में संपन्न हुआ जन समस्या निवारण शिविर
  • पन्ना। शासन की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ प्रत्येक वंचित लोगों तक पहुंचाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सुदूरवर्ती क्षेत्र में वृहद स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे बड़ी संख्या में ग्रामवासियों को एक ही स्थान पर आसानी से विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। यह बात पवई विधायक प्रहलाद लोधी ने पवई विकासखंड की आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत कल्दा में शनिवार को आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में कही। विधायक श्री लोधी ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान पवई एवं शाहनगर ब्लॉक की लगभग 22 ग्राम पंचायतों के हितग्राही उपस्थित थे।
    शिविर स्थल पर आम जनता द्वारा निर्धारित काउंटर पर पंजीयन कराया गया और विभागवार स्टॉल पर आवेदन दिए गए। शिविर में कुल 336 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकतम प्रकरणों का त्वरित समाधान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला बाल विकास, कृषि, सहकारिता, ऊर्जा इत्यादि विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणजनों को विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया। इस अवसर पर गत 2 दिवस से संचालित आधार सेंटर में प्रत्येक जरूरतमंद लाभार्थी के नवीन आधार नामांकन और आधार अपडेशन कार्य पूर्ण होने तक निरंतर रूप से आधार केंद्र संचालन के निर्देश भी दिए गए।
    जन समस्या निवारण शिविर में विधायक ने आम जनता की समस्याएं सुनी और विधानसभा क्षेत्र में निरंतर रूप से संचालित विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि विकास की मुख्य धारा में शामिल होने से वंचित लोगों विशेषकर आदिवासी समुदाय के व्यक्तियों को लाभांवित करने की मंशा से यह शिविर लगाया गया है। क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने से निश्चित ही आमजनों को सहूलियत होगी। त्वरित लाभ मिलने से लोगों को विकासखंड अथवा जिला मुख्यालय तक आवागमन नहीं करना पड़ेगा। इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में हर वंचित परिवार और व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी।
    जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ एवं हक प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। इसलिए आम जनता योजनाओं का लाभ प्राप्त कर आगे बढ़े। कलेक्टर ने गरीब जनता को बिजली के कम उपयोग के बावजूद अधिक राशि का बिल प्राप्त होने की शिकायत के समाधान सहित जन एवं पशु हानि पर वन विभाग द्वारा राहत राशि इत्यादि का लाभ लेने की बात भी कही
    आमजन अपने अधिकारों के प्रति रहें सजग: मोहिनी आनंद
    जन समस्या निवारण शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहनी मिश्रा ने कहा कि शिविर के जरिए स्थानीय स्तर पर समस्याओं का आसानी से निराकरण होगा। आमजनों से अपने अधिकारों के प्रति सजग और जागरूक रहने की बात भी उन्होंने कही।
    कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम समीक्षा जैन, तहसीलदार त्रिलोक सिंह पूसाम, जनपद पंचायत सीईओ अखिलेश उपाध्याय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार ने किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here