Home छतरपुर ईशानगर में कजलिया महोत्सव पर राइफल निशानेबाजी प्रतियोगिता संपन्न

ईशानगर में कजलिया महोत्सव पर राइफल निशानेबाजी प्रतियोगिता संपन्न

87
0

छतरपुर जिले के ग्राम के बुजुर्गों ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर कजलिया मेला महोत्सव के दौरान ईशानगर के बुदौरा तालाब(बड़ा तालाब) पर निशानेबाजी प्रतियोगिता की पुरानी परंपरा है। यह प्रतियोगिता करीब 50 वर्षों से अधिक समय से होती आ रही थी। इस प्रतियोगिता में आसपास क्षेत्र के निशानेबाज आकर निशानेबाजी करते हैं, हजारों लोग यह प्रतियोगिता देखने आते हैं और निशानेबाजों का हौसला बढ़ातेे हैं। लेकिन पिछले साल चुनावी वर्ष में आर्दश आचार संहिता लागू होने की वजह से निशानेबाजी प्रतियोगिता नहीं कराई गई। जिससे लोगों को मायूसी हाथ लगी थी, लेकिन इस बार के कजलिया महोत्सव पर ग्राम पंचायत ईशानगर द्वारा आयोजित निशानेवाजी प्रतियोगिता में लोगों ने दोगुने उत्साह से शामिल होकर सालों से चली आ रही परंपरा को जीवित रखा।
गाजे बाजे के साथ निकला कजलिया जुलूस, आल्हा ऊदल का दरबार रहा आकर्षण
रक्षाबंधन पर्व पर नगर में करीब 50 वर्षों से अधिक समय से चली आ रही निशानेबाजी प्रतियोगिता की परंपरा ग्राम पंचायत ईशानगर ने जीवंत कर दी । इस वर्ष ईशानगर के बुदौरा तालाब (बड़ा तालाब) पर राइफल निशानेबाजी प्रतियोगिता हुई, इसे लेकर निशानेबाजी का शौक रखने वालों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। ग्राम पंचायत ईशानगर ने इस आयोजन के लिए पुलिस अधिकारियों की अनुशंसा पर श्रीमान अनुविभागीय अधिकारी महोदय द्वारा अनुमति प्रदान करने के बाद आयोजन किया । कुल मिलाकर ग्राम पंचायत ईशानगर ने दशकों की परंपरा को जीवंत रखते हुए करीब 15 हजार नगर वासियों की भावनाओं का मान रखा।रक्षाबंधन पर्व दिनांक 09/08/2025 ,शनिवार को बड़े तालाब पर पारंपरिक कजलिया मेला लगाया गया।
शाम करीब साढ़े 3 बजे गाजे बाजे के साथ कजलिया का विशाल चल समारोह निकला। ईशानगर के गांधी चबूतरा से गाजे बाजे के साथ शुरू हुआ यह चल समारोह मुख्य मार्गों से होते हुए बड़े तालाब पहुंचा। इस मौके पर आल्हा, ऊदल, मलखान, बौना चोर की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों के माध्यम से आल्हा ऊदल के शौर्य का बखान किया गया। वहीं सैकड़ों महिलाएं सिर पर कजलिया धारण निकलीं। तालाब पहुंच कर कजलियों का पूजन व खोंटन कर सुख समृद्धि की कामना की गई और तालाब में विसर्जित किया गया। तालाब के किनारे ही परंपरानुसार रायफल निशानेवाज़ी प्रतियोगिता हुई, जिसमें छतरपुर जिले के नामी गिरामी निशानेवाजों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। ग्राम पंचायत ईशानगर की ओर से सभी विजेता एवं अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। रायफल निशानेवाज़ी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर श्री हाफिज खान बिजावर 5100/- रूपये, द्वितीय स्थान पर श्री छत्रशाल परमार (मनु राजा) गुलगंज – 3100/- रूपये और तृतीय स्थान पर श्री असफाक खान ईशानगर – 2100/- विजेता रहे, जिन्हें ग्राम पंचायत ईशानगर सरपंच श्रीमति निधि जलज मिश्रा के द्वारा नगद पुरस्कार राशि, स्मृति चिन्ह, शाल श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सरपंच श्रीमति निधि जलज मिश्रा ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिता को पहले जिला स्तरीय और उसके बाद प्रदेश स्तरीय आयोजन के लिए क्षेत्रीय विधायक श्री राजेश शुक्ला जी के माध्यम से सरकार से मांग की जायेगी।
सरपंच श्रीमति निधि जलज मिश्रा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी लोगों का आभार जताया ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here