पन्ना। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा उर्वरक गुण नियंत्रण अभियान के तहत जिले में अवैध रूप से उर्वरकों के भण्डारण व वितरण की जांच के निर्देशों के परिपालन में कार्यवाही की गई है। एक शिकायतकर्ता द्वारा अजयगढ़ विकासखंड के बनहरीकला में उर्वरक के अवैध भण्डारण के संबंध मे सूचित किया गया था। इस पर सहायक संचालक उत्तम सिंह बागरी के नेतृत्व में जांच दल गठित कर छापामार कार्यवाही की गई और जांच दल द्वारा मौके पर तत्काल जांच करते हुए उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत आवश्यक कार्यवाही कर गीता शिवहरे के निज निवास में 64 बोरी यूरिया और 13 बोरी एनपीके उर्वरक का अवैध भण्डारण पाए जाने पर जप्ती की गई। संबंधित के विरूद्ध पुलिस थाना अजयगढ़ में गत 31 अक्टूबर को एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। विभाग के उप संचालक द्वारा समस्त वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों को किसानों के लिए उर्वरक की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित कर पंजीकृत उर्वरक विक्रेताओं के स्कंध का औचक निरीक्षण करते हुए अवैध भण्डारण व विक्रय की रोकथाम के लिए निर्देशित किया गया है।









