Home छतरपुर संकट मोचन तिराहा पर जन सहयोग से नवनिर्मित पुलिस सहायता केंद्र का...

संकट मोचन तिराहा पर जन सहयोग से नवनिर्मित पुलिस सहायता केंद्र का किया गया लोकार्पण

68
0

जन सहयोग से निर्मित यह पुलिस सहायता केंद्र जन सेवा हेतु समर्पित

छतरपुर नगर के थाना सिविल लाइन एवं थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत संकट मोचन तिराहा पर जन सहयोग से निर्मित आधुनिक पुलिस सहायता केंद्र का आज छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया।

यह पुलिस सहायता केंद्र पूर्णतः आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें वातानुकूलन, वेंटिलेशन, विश्राम हेतु पृथक केबिन, दो बेड, प्रकाश, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। चौकी 24 घंटे जनसेवा हेतु खुली रहेगी। यह क्षेत्र एक मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र है, चौकी के निर्माण में सभी संप्रदाय के लोगों ने सहयोग किया।

इस पुलिस सहायता केंद्र के खुलने से थाना कोतवाली एवं थाना सिविल लाइन क्षेत्र के वासियों के लिए सुविधा रहेगी। यह मार्ग फोरलेन हाईवे सहित विभिन्न मार्गो से लिंक मार्ग भी है अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के मूवमेंट पर निगरानी रहेगी एवं आपराधिक गतिविधि पर नियंत्रण रहेगा।
इस क्षेत्र में आकस्मिक पुलिस सेवा डायल 112, दोनों थानों के मोबाइल, चीता मोबाइल, अतिरिक्त मोबाइल पार्टी निरंतर पेट्रोलिंग में रहेंगे।

पूर्व में क्षेत्रवासियों द्वारा जनसंवाद के माध्यम से पृथक पृथक क्षेत्र में पुलिस सहायता केंद्र की आवश्यकता जताई गई थी, जिसे दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार देरी तिराहा पुलिस सहायता केंद्र का निर्माण कराया गया था जो वर्तमान में सक्रिय है एवं सकारात्मक प्रभावी है।
लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी एवं धार्मिक गुरुओं की उपस्थिति में जनसंवाद कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। जनसंवाद में आपराधिक गतिविधि में नियंत्रण हेतु विस्तार से चर्चा की गई। साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों द्वारा पुलिस जनसंवाद, ऑनलाइन शिकायतकर्ताओं से संवाद, नशे से दूरी , बेटी की शिकायत पेटी इत्यादि अभियानों की प्रशंसा की गई।
क्षेत्र वासियों की आवश्यकता अनुसार छतरपुर नगर के टोरिया मोहल्ला एवं झांसी-खजुराहो फोरलेन पर भी शीघ्र नवीन पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जाएगा।

यह चौकी दोनों थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, क्षेत्र वासियों, आगुन्तकों, राहगीरों की सहायता तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु एक सक्रिय केंद्र के रूप में कार्य करेगी। उद्घाटन के उपरांत पुलिस अधिकारियों ने चौकी का निरीक्षण किया एवं सीसीटीवी, माइक, लाउडस्पीकर जैसी व्यवस्थाओं एवं जन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जन सहयोग से निर्मित यह पुलिस सहायता केंद्र जन सेवा हेतु समर्पित है, क्षेत्र वासियों एवं पुलिस अधिकारियों ने परस्पर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक बाल्मीकि चौबे, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकारबंधु, क्षेत्रवासी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here