Home डेली न्यूज़ छतरपुर की डॉ गरिमा अग्रवाल बनी मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड-2025 

छतरपुर की डॉ गरिमा अग्रवाल बनी मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड-2025 

856
0

अमेरिका में रह रहीं गरिमा ने जीता दुबई में आयोजित सीजन 14 का खिताब

छतरपुर। शहर के महोबा रोड निवासी वृक्ष मित्र डॉ राजेश गीता अग्रवाल की बेटी डॉ. गरिमा अग्रवाल ने दुबई में आयोजित हाउट मोंडे मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड सीजन 14 का खिताब जीत कर शहर और बुंदेलखंड ही नहीं बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन किया है।

     खिताब जीतने के बाद आज अमेरिका से आई डॉ गरिमा ने होटल प्राइम रेसिडेंसी में एक प्रेस कांफ्रेंस कर खिताब जीतने के अपने पूरे सफर को मीडिया से साझा किया। अमेरिका के लैंड ऑफ लिंकन, शिकागो के पास, प्युरिया, इलिनायस, में रह रही दो बेटियों की माँ 46 वर्षीय डॉ गरिमा ने 10वीं तक की पढ़ाई क्रिश्चियन इंग्लिश स्कूल से की। उन्होंने रीवा से एमबीबीएस करने के बाद भोपाल से 2006 में एमडी रेडियो डायग्नोसिस किया और अमेरिका चलीं गईं। वे फिलहाल वहां मेथोडिस्ट, प्रॉक्टर और पेकिन अस्पताल में न्यूक्लियर मेडिसिन, पीडियाट्रिक रेडियोलॉजी डिवीजन की चीफ हैं। उनके पति डॉ. आनीश नीखरा (एमएस ऑप्थल्मोलॉजी और फेलो रेटीना) भी अमेरिका में सेटल हैं।

     डॉ गरिमा ने बताया कि डॉक्टरी के अलावा उनके दिल में हमेशा फैशन और ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़ने का पैशन था। कोरोनाकाल में उनके डॉक्टरी पेशे से संबंधित एक ऑनलाइन स्पर्धा में अव्वल आने से उनका उत्साह बढ़ गया। इसीलिए उन्होंने दुबई में आयोजित हाउट मोंडे मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड सीजन 14 की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसमें 22 वर्ष से अधिक उम्र की विवाहित महिलाएं पात्र थीं। उन्होंने इस प्रतियोगिता में उत्तर अमेरिका के पीओरिया का प्रतिनिधित्व किया और दुनिया भर में बसी भारतीय मूल की 35 हजार महिलाओं से प्रतिस्पर्धा की। एक पूर्णकालिक रेडियोलॉजिस्ट होने के नाते उनके सामने फैशन और ग्लैमर से प्रतिस्पर्धा करने की बहुत बड़ी चुनौती थी। उन्हें प्रोफेशनल उम्मीदवारों से कड़ा मुकाबला करना पड़ा।

      इस प्रतियोगिता के लिए अक्टूबर 2024 से लगातार शनिवार को ओरिएंटेशन सत्र और जनवरी से अब तक 2-4 घंटे लंबे ग्रूमिंग सत्र में भाग लिया। उन्होंने 6 महीने की कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना किया। हर हफ्ते एक विशेष विषय पर 3 क्रिएटिव इंस्टाग्राम रील्स पोस्ट की। 

     15 से 20 जून तक दुबई के वोको मोनाको आइलैंड होटल और बाही अजमान पैलेस में 6 दिन की इन-पर्सन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें टैलेंट राउंड 19 जून को और ग्रैंड फिनाले राउंड 20 जून को था। डॉ गरिमा अग्रवाल ने इस प्रतियोगिता में मोस्ट टैलेंटेड पुरस्कार भी जीता और मुख्य खिताब के साथ यह सम्मान भी हासिल किया।

     डॉ गरिमा ने कहा कि कभी भी किसी का सपना और जुनून पूरा करने के लिए देर नहीं होती। अगर आपके पास सपना पूरा करने की हिम्मत और फोकस हो, तो कुछ भी असंभव नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here