बागेश्वर महाराज के नाम से यूपी के कारोबारियों को दी हत्या की धमकी
छतरपुर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी निकुंज गोयल पुत्र दीपक गोयल ने बागेश्वर धाम में जमीन विवाद को लेकर पूर्व सरपंच गोलू महाराज पर प्लाट हड़पने और बागेश्वर महाराज के नाम पर हत्या तक करा देने के सनसनीखेज इलज़ाम लगाए हैं।
उन्होंने कलेक्टर को दी शिकायत में बताया कि मैंने अपने भाई शाश्वत एवं पार्टनर सचिन कुमार पुत्र धर्मेद्र के नाम ग्राम गढ़ा में एक प्लाट भूमि खसरा नंबर 418/2 में रकवा 0.82 हेक्टेयर पूरन सिंह ठाकुर एवं धर्मेंद्र सिंह से 80 फीट गुण 110 फीट कुल 8800 वर्ग फीट 75 लाख रूपये में कदारी के पूर्व सरपंच गोलू महाराज के माध्यम से 17 मई 2024 को रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के जरिए लिया था। विधिवत नामांतरण के बाद कब्जा लेकर उन्होंने प्लाट पर पानी की व्यवस्था हेतु बोरवेल खुदवाया एवं भराव के लिए मिट्टी वगैरह एक माह पूर्व डलवाई थी।
उन्होंने बताया कि 21 जून को वे अपने भाई शाश्वत एवं पार्टनर सचिन कुमार के साथ प्लाट पर मिट्टी भराव आदि के लिए गए तो वहां पर गोलू महाराज निवासी कदारी (सन्यासी धाम वाले) उनका दोस्त रवि सिंह अचानक आकर बोले कि यह प्लाट छोड़ दो तुम्हें दूसरी जगह प्लाट दे देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि रवि सिंह व गोलू महाराज बागेश्वर धाम की आड़ में उनका प्लाट हड़पना चाहते है। वे यह भी धमकियां दे रहे हैं कि यहां काम करना है तो हमारे हिसाब से चलना पड़ेगा अन्यथा यहां से भाग जाओ भूमि तो क्या तुम लोगों का पता नहीं चलेगा हम लोग बागेश्वर धाम के आदमी हैं। पुलिस एवं राजस्व अधिकारी हमारा कुछ नहीं कर पाएंगे। वे यह भी कह रहे थे कि तुम लोगों को झूठे केस में फसवा देंगे। आरोप ये भी है कि उन्होंने यह भी धमकी दी यदि प्लाट नहीं छोड़ा तो जान से हाथ धोना पड़ेगा यहां पर आदमी तो क्या लाश का भी पता नहीं चलता है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि गोलू महाराज एवं रवि सिंह को उन्होंने प्लाट देने से मना कर दिया तो वे उन पर जबरन प्लाट देने के लिए दबाव डाल रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि गोलू महाराज एवं रवि सिंह उनके विरुद्ध कोई षडयंत्र रचकर फंसा सकते हैं। जिससे वे डरे, सहमे हुए हैं। उन्होंने पुलिस सहायता की मांग की है।
श्री गोयल ने उनके प्लाट को हड़पने एवं जान से मरवा देने की धमकियां देने वाले गोलू महाराज एवं रवि सिंह के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर उनकी जान माल की रक्षा करने की गुहार लगाई है।
धाम को बदनाम करने की साजिश कर रही धर्म विरोधी ताकतें
निकुंज गोयल के आवेदन की खबरें सोशल मीडिया पर चलने के बाद रात को आरोपी पक्ष का बयान भी आ गया। जिसमें कहा गया कि धर्म विरोधी ताकतें धाम को बदनाम करने की साजिश रच रहीं हैं।
गोलू महाराज ने आरोप निराधार बताते हुए कहा कि जहाँ प्लाट दिया वही काम करने को कहा गया, लेकिन वह उस जगह काम नही लगाकर धाम की जमीन पर प्लाट बनाना चाहते हैं। जहां पंडाल बना है बना होटल बनाना चाहते हैं। उन्होंने साफ कहा कि उनका कोई लेना देना नही है, ना ही मेने कोई धमकी दी है। उन्होंने प्लाट पूरन सिंह एवं धर्मेद्र सिंह से खरीदा था। मेरा कोई लेना देना नही है,जबरन धाम को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। वही रवि सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी निकुंज गोयल ने जहाँ प्लाट खरीदा था वह उस जगह की बजाए दूसरी जगह बनाना चाहता है। अभी तक इनके द्वारा रजिस्ट्री में दी गई चैक तक क्लियर नही हुई उनकी नियत खराब है।









