रक्तदान प्रोत्साहन प्रशिक्षण शिविर में 109 बार के रक्तदाता पप्पू गुप्ता सम्मानित
छतरपुर। आपके द्वारा किया गया रक्तदान न केवल एक व्यक्ति की जान बचाता है बल्कि उसके परिवार को जीवनदान देता है। रक्तदान करने वालों को एक नही अनेक दुआये मिलती है। यह बात आज छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा सांईराम होटल में आयोजित रक्तदान प्रोत्साहन प्रशिक्षण शिविर में कही। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरपी गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ शरद चौरसिया, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ आरती बजाज सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला एवं ब्लड देने वाले युवक-युवतियां मौजूद रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ललिता यादव ने सभी युवाओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि आप सदैव इसी तरह मानव सेवा करते रहें इसका फल आपको सफलताओं के साथ मिलेगा। छतरपुर विधायक ने रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर 109 बार रक्तदाता (बी-निगेटिव) पप्पू गुप्ता का शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह से सम्मान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती ललिता यादव ने स्वास्थ्य विभाग को सलाह दी कि छतरपुर में हजारों रक्तदाता है। इनकी सूची बनाये और सभी का विशाल कार्यक्रम कर सम्मान करे ताकि लोग इस महादान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। ब्लड डोनेट ग्रुप चलाने वाले अमित जैन ने अपनी टीम के रक्तदाताओं की ग्रुप सहित जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माला व दीप प्रज्जवलित कर हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ललिता यादव का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में रक्तदाताओं के साथ ही ब्लड बैंक प्रभारी ने विचार व्यक्त किए। सिविल सर्जन डॉ शरद चौरसिया ने आभार व्यक्त कर अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाये जाने वाले शिविरों में भी रक्तदाता अपना रक्तदान कर सहयोग करें।











