छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने एसपी अगम जैन के साथ बुधवार को एमपी यूपी बॉर्डर पर बने उर्मिल बांध का निरीक्षण किया। साथ ही बांध के सिंचाई प्रखंड महोबा के नियंत्रण कक्ष में सहायक कलेक्टर आशीष पाटिल, एसडीएम जीएस पटेल, जल संसाधन ईई लता वर्मा, यूपी के तहसीलदार के साथ बैठक की। बैठक में डैम की स्थिति, डैम के गेट खोलने, कैचमेंट एरिया, एमपी यूपी में पानी शेयरिंग और बांध के पानी के प्रभावित गांवों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने आगामी बारिश के दृष्टिगत उर्मिल नदी के डैम के जल का स्तर मेंटेन करके जल निकासी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एमपी व यूपी के अधिकारियों का आपस में समन्वय रहे और निरंतर संपर्क रहें। साथ ही डैम के गेट खोलने संबंधित सूचना तत्काल मिलती रहे। उन्होेंने गेट खोलने के पहले गांव में मुनादी कराकर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए। जिससे अचानक पानी से गांव जलमग्न होने की स्थिति न बने। इस दौरान कलेक्टर ने डैम पर लगे आपात सायरन को बजवा कर चेक किया।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग की ईई को निर्देश दिए कि अगले सात दिनों तक हर 3 घंटे में बांध के जल स्तर और गेट खुलने को रिपोर्ट भेजे। साथ ही कलेक्टर ने बांध के संबंधित अधिकारी से यह भी कहा कि देर रात गेट ना खुले, दिन में गेट खुले जिससे गांव में मुनादी आदि की सूचना लोगो तक पहुंच सके। कलेक्टर एवं एसपी ने बांध के गेट खुलने वाले हिस्से का निरीक्षण करते हुए गेट खोलने वाले कर्मचारी की तैनाती की जानकारी ली। कलेक्टर एवं एसपी ने सिंहपुर बैराज का निरीक्षण करते हुए डैम में जल भराव की स्थिति, गेट खुलने की जानकारी ली। जल संसाधन ईई को डैम पर 20-25 दिन तक कर्मचारी की ड्यूटी लगाने और गेट खोलने की जानकारी ग्रामीणों को मुनादी करा कर देने के निर्देश दिए।









